एक्वा लाइन: 19 हजार के पार पहुंचा यात्रियों का आंकड़ा
नोएडा। नोएडा-ग्रेनो के बीच 27 मई को एक्वा लाइन मेट्रो पर सर्वाधिक सफर करने वाले यात्रियों के रूप में रिकॉर्ड किया गया। इस दिन 19,413 यात्रियों ने मेट्रो की सवारी की। यही नहीं इस दिन सबसे ज्यादा 5,80,285 रुपये के राजस्व की प्राप्ति हुई। हालांकि पिछले पांच महीने का औसत राइडरशिप 13,317 है।
एनएमआरसी की ओर से 26 जनवरी से 28 मई तक करीब चार माह का रिपोर्ट कार्ड जारी किया गया है। इसमें बताया गया कि अब तक एनएमआरसी को मेट्रो से 4.77 करोड़ रुपये के राजस्व की प्राप्ति हुई है। शुरुआती आंकड़ा एक करोड़ रुपये प्रति माह का था। इसी तरह से अब तक इस लाइन पर 16.38 लाख लोगों ने सवारी की है। वहीं, अब तक 20,221 स्मार्ट कार्ड की बिक्री हुई है। रिपोर्ट में बताया गया कि 11.67 लाख क्यूआर टिकटों की बिक्री हुई है। इनका प्रतिशत 71.80 रहा। सबसे ज्यादा राइडरशिप वाले स्टेशनों में सेक्टर-51 पर रोजाना 4048 यात्री, परी चौक पर 1707, एनएसईजेड पर 982, सेक्टर-142 पर 906 और सेक्टर-76 पर 809 यात्रियों ने औसतन सफर किया। इसी तरह से रोजाना औसतन सबसे कम राइडरशिप वाले स्टेशनों में सेक्टर-147 पर 20, सेक्टर-145 पर 23, सेक्टर-144 पर 36, सेक्टर-146 पर 36 और सेक्टर-148 पर 140 यात्रियों ने सफर किया। सबसे ज्यादा राजस्व वाले स्टेशनों में सेक्टर-51, परी चौक, नॉलेज पार्क, सेक्टर-142 और एनएसईजेड शामिल हैं। इन्हीं स्टेशनों पर कार्ड की भी सबसे ज्यादा बिक्री हुई है।