दनकौर/यमुना सिटी।
जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने दनकौर के श्री द्रोणाचार्य पीजी कॉलेज और कलूपुरा स्थित बौद्ध मिशन इंटर कॉलेज में शिक्षकों के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने मेरठ-सहारनपुर खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी चंद शर्मा के समर्थन में सहयोग की अपील की। विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों का भविष्य नहीं गढ़ते, बल्कि राष्ट्र की आने वाली पीढ़ियों की नींव रखते हैं। जैसे किसान के बोए बीज का फल कुछ महीनों में मिलता है, वैसे ही शिक्षक ज्ञान व संस्कार के जो बीज बोते हैं, उसका असर कई पीढ़ियों तक दिखता है। उन्होंने शिक्षकों को राष्ट्र निर्माता बताते हुए एमएलसी चुनाव में अनुभव और विवेक के आधार पर भाजपा प्रत्याशी को विजयी बनाने का आह्वान किया।