अनुज ने खुद को बताया ब्रेन कैंसर से पीड़ित, मां-बाप से मांगी माफी
साथी को गोली मारकर आत्महत्या करने वाले शिवनादर विवि के छात्र का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, विवि की खामोशी भी सवालों के घेरे में
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। शिवनादर विवि में छात्रा की गोली मारकर हत्या करने के बाद खुदकुशी करने वाले छात्र का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ है। करीब 23 मिनट के वीडियो में अनुज अपना बचाव करता हुआ दिखाई दे रहा है। उसने कहा, ‘ऐसे इंसान को जीने का हक नहीं, जो कई जिंदगी बर्बाद करे। मैं एक अच्छा बेटा नहीं बन पाया, लेकिन ऐसे इंसान को सजा देकर अच्छा इंसान बनूंगा। मैं नेशनल स्तर का खिलाड़ी हूं, मुझे थर्ड स्टेज का ब्रेन कैंसर है। अगर मैं सर्जरी नहीं कराता हूं तो केवल दो साल जी पाऊंगा।’
अनुज ने वीडियो के शुरुआत में अपनी बहन को जलाकर मारने और चाचा की हार्ट अटैक से मौत का जिक्र करते हुए कहा है कि उसने अपने जीवन में काफी परेशानी झेली है। वह राष्ट्रीय स्तर का एथलीट था। वह एक अच्छा इंसान था। किसी को परेशान नहीं करना चाहता था। नेहा से उसकी अच्छी दोस्ती थी। नेहा ने उससे छिपाकर मेस के एक कर्मचारी से दोस्ती की। मेस कर्मचारी उसे ब्लैकमेल करने लगा था। अनुज ने अंत में कहा है कि इंसान तब टूटता है, जब कोई अपना उससे झूठ बोलता है, धोखा देता है। मैं नेहा के माता-पिता के भी हाथ जोड़ता हूं। मैं अपने माता-पिता से भी माफी मांगता हूं।
ब्रेन कैंसर की अभी नहीं हुई पुष्टि
अनुज ने परिजन को ब्रेन कैंसर के बारे में नहीं बताया था। छात्र का पोस्टमार्टम कराया गया है। एडीसीपी अशोक कुमार का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से कैंसर की पुष्टि नहीं होगी। पुरानी मेडिकल जांच मिलने पर ही इसका पता लगेगा, लेकिन अब तक ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं मिली है।
लड़की शिकायत दे दे... सबूत देते थक जाओगे
वीडियो में अनुज ने कहा है कि नेहा ने उसके खिलाफ परेशान करने की शिकायत विवि में की थी। उसने कहा है कि एक बार लड़की शिकायत दे दे और रोकर दिखा दे तो तुम सबूत देते-देते थक जाओगे। मैंने सबूत दिए और पूरी सच्चाई बताई, लेकिन किसी ने नहीं सुना। अनुज की बात से इस बात को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। जब छात्रा ने अनुज के खिलाफ शिकायत की, अनुज ने भी सफाई दी। तब विवि की कमेटी ने इस
संबंध में पुलिस को सूचना देने या कोई अन्य ठोस कदम क्यों नहीं उठा पाई।
वीडियो का ईमेल मिलने पर शुरू हुुई थी अनुज की तलाश
बताया गया है कि अनुज ने यह वीडियो विवि प्रबंधन को बृहस्पतिवार दोपहर 1:30 बजे ईमेल किया था। जानकारी होने पर अनुज की तलाश शुरू हुई थी। अनुज का शव दूसरे कमरे में मिला था। अनुज ने वीडियो कब और कहां बनाया, अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है।