-शिक्षा निदेशालय ने कॉमन वार्षिक परीक्षा की तिथियां जारी कीं
-आठवीं, नौवीं व ग्यारहवीं की परीक्षाएं 13 फरवरी से शुरू होगी
-28 फरवरी को 5वीं-छठी और तीसरी-चौथी की तीन मार्च से होंगी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। शिक्षा निदेशालय ने सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में कक्षा तीसरी से आठवीं व नौवीं-ग्यारहवीं कक्षा के लिए कॉमन वार्षिक स्कूल परीक्षा की तिथियां जारी कर दी हैं। आठवीं से ग्यारहवीं की परीक्षा 13 फरवरी से और पांचवीं, छठी की परीक्षाएं 28 फरवरी व तीसरी से चौथी की परीक्षाएं तीन मार्च से शुरु होंगी। शिक्षा निदेशालय ने परीक्षा तिथियों के साथ इनके संचालन के लिए दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। परीक्षाओं का समापन 20 मार्च को होगा।
तीसरी से पांचवीं तक की परीक्षाओं का आयोजन दोपहर 2.30 बजे से शाम 4:30 बजे तक होगा। जबकि छठी से आठवीं तक की परीक्षा 2:30 बजे से 5:00 बजे तक होगी। जबकि नौवीं व ग्यारहवीं की परीक्षा 2:30 बजे से 5:30 बजे तक आयोजित की जाएंगी। इन परीक्षाओं के दौरान बोर्ड परीक्षाओं की तरह छात्रों को परीक्षा शुरु होने से पहले प्रश्न पत्र पढ़ने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। स्कूलों को प्रश्न पत्र शिक्षा निदेशालय की ओर से भेजे जाएंगे। स्कूल परीक्षा के दौरान एक कमरे में 24 से अधिक छात्रों को नहीं बिठाएंगे। मूल्यांकन कार्य और अंकों को अपलोड करने का कार्य चार कार्य दिवसों के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। सभी परीक्षाओं में मूल्यांकनकर्ता द्वारा प्रत्येक प्रश्न के अंकों को प्रथम पृष्ठ पर दिए गए स्थान पर पोस्ट करना होगा।