अनिरुद्धाचार्य के समर्थकों ने एयरपोर्ट पर किया हंगामा
आगरा केंद्र के लिए उपयोगी।
-महिला रिपोर्टर से दुर्व्यवहार, विवादित बयान पर सवाल करने पर भड़के
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर विवादों में घिरे कथा वाचक अनिरुद्धाचार्य के समर्थकों ने दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक न्यूज चैनल की महिला संवाददाता के साथ अभद्र व्यवहार किया। अनिरुद्धाचार्य अमेरिका से दिल्ली लौटे थे। इसी दौरान संवाददाता ने उनके विवादित बयान पर उनसे सवाल पूछने शुरू कर दिए। सवाल सुनते ही अनिरुद्धाचार्य ने तो कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और आगे बढ़ गए, लेकिन उनके साथ मौजूद समर्थक भड़क गए।
महिला पत्रकार के अनुसार, वह आधी रात को एयरपोर्ट पर अनिरुद्धाचार्य से उनके हालिया बयान पर सवाल करने के लिए पहुंचीं थीं। इस दौरान उनके समर्थकों ने उनके साथ धक्का-मुक्की की। एक महिला समर्थक ने उनके बाल भी खींचे। वहीं, एक अन्य समर्थक ने उन्हें जूते से मारने की कोशिश भी की। मौके पर मौजूद सीआईएसएफ के जवानों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया। बता दें कि हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान अनिरुद्धाचार्य ने महिलाओं को लेकर एक आपत्तिजनक बयान दिया था।