कार्रवाई से नाराज एनईए ने दी हड़ताल की चेतावनी
नोएडा। काम में लापरवाही बरतने वाले 20 से ज्यादा कर्मचारियों पर पिछले दिनाें सीईओ रितु माहेश्वरी के निर्देश पर कार्रवाई की जा चुकी है। इससे नाराज नोएडा इंप्लाइज एसोसिएशन (एनईए) के पदाधिकारियों ने सोमवार को सीईओ से मुलाकात की। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि जल्द निलंबित कर्मचारियों को बहाल नहीं किया गया तो मजबूर होकर हड़ताल की जाएगी।
एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकुमार चौधरी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल सीईओ से उनके कार्यालय में मिला। प्रतिनिधिमंडल ने 8 नवंबर को अधिकारियों-कर्मचारियों पर की गई कार्रवाई का मुद्दा उठाया। राजकुमार चौधरी ने कहा कि कर्मचारी-अधिकारी दिन-रात और छुट्टियों में भी काम कर रहे हैं। ऐसे में तनाव की स्थिति बनी हुई है। इसके बाद भी निलंबन, प्रतिकूल प्रविष्टि निर्गत किए जाने जैसी कार्रवाई ठीक नहीं है। इससे कर्मचारियों में असुरक्षा का माहौल पैदा हो रहा है। अध्यक्ष ने मांग की कि जिन कर्मचारियों को निलंबित किया गया है उन्हें तत्काल बहाल किया जाए और आगे से कार्रवाई न की जाए। यदि जल्द ही ऐसा नहीं किया गया तो मजबूरन एसोसिएशन को हड़ताल जैसा कदम उठाना पड़ेगा। इसकी जिम्मेदारी प्राधिकरण की होगी। एसोसिएशन के अध्यक्ष ने बताया कि सीईओ ने सकारात्मक रुख अपनाया है। महासचिव महेश चंद, उपाध्यक्ष बीरपाल, सचिव प्रमोद यादव, बिजेंद्र लोहिया व कोषाध्यक्ष थान सिंह मौजूद रहे।