शादी नहीं होने से नाराज युवक ने की थी बच्चे की हत्या
नोएडा। छलेरा से अपहरण कर बच्चे की हत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी बच्चे की बहन से एकतरफा प्रेम करता था और उससे शादी करना चाहता था। परिजनों के नापसंद करने पर आरोपी ने उनके बेटे की पानी में डुबोकर हत्या कर दी।
एडीसीपी रणविजय सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को महामाया फ्लाईओवर के पास छलेरा में आठ वर्षीय दिलीप उर्फ ओनित का शव पानी भरे गड्ढे में मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी पानी में डूबने से मौत की बात सामने आई। वहीं पूछताछ में परिजनों ने पड़ोस में रहने वाले पश्चिम बंगाल निवासी बाबू पुत्र नयन पर शक जताया। बाबू, दिलीप की बहन से शादी करना चाहता था। लेकिन उसकी नशे की आदतों को देखते हुए दिलीप के परिजनों ने रिश्ते से इनकार कर दिया। इस बात पर उनमें कई बार झगड़ा भी हुआ था। पुलिस के अनुसार बाबू, अक्सर दिलीप को अपने साथ जामुन खिलाने या मछली पकड़ने के लिए ले जाता था। बुधवार को भी आरोपी उसे अपने साथ ले गया था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने स्वीकार किया कि परिजनों को सबक सिखाने के लिए दिलीप की पानी में डुबोकर हत्या की थी।