फिरोजपुर झिरका। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और हेल्परों को लगभग तीन माह से वेतन नहीं मिला है। इससे नाराज आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और हेल्परों ने मंगलवार को नवाब शमशुद्दीन पार्क में बैठक कर संबंधित विभाग के अधिकारियों के प्रति रोष प्रकट किया। इसके बाद महिला कार्यकर्ताओं के दल ने लघु सचिवालय में वेतन विसंगति के संबंध में एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
आंगनबाड़ी वर्कर एवं हेल्पर यूनियन की जिला प्रधान रामरती दलाल ने कहा कि पिछले तीन माह से वेतन नहीं मिला है। इस कारण आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को आर्थिक एवं मानसिक परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। जिला प्रधान ने कहा कि विभागीय अधिकारी वेतन संबंधी शिकायतें जल्द दूर करें। अन्यथा सड़कों पर प्रदर्शन करने को मजबूर होना पड़ेगा। इस मौके पर खंड प्रधान संतोष डोरा, पुष्पा, आरस्तून, ऊषा रानी, सपना, रोशनी, वहीदन, समीना, विधावती आदि मौजूद रहे।