- फाइनल में बमेटा को 51 रन से हराया, रवि भड़ाना बने मैन ऑफ द मैच
ग्रेटर नोएडा (संवाद)। अच्छेजा गांव में आयोजित 16वें प्रो. मनवीर नागर मेमोरियल ग्रामीण क्रिकेट टूर्नामेंट का रविवार को समापन हो गया। इस दौरान फाइनल मुकाबले में हरियाणा के अनंगपुर गांव की टीम ने प्रदर्शन करते हुए बमेटा (गाजियाबाद) को 51 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए अनंगपुर ने 20 ओवर में सात विकेट पर 170 रन बनाए। रवि भड़ाना ने 32 गेंदों पर 49 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। जवाब में बमेटा की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 14.3 ओवर में 119 रन पर सिमट गई। अभिषेक यादव ने 20 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। रवि भड़ाना को मैन ऑफ द मैच और विनय भड़ाना को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। समापन समारोह में विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजन के दौरान खेल और शिक्षा के क्षेत्र में प्रो. मनवीर नागर के योगदान को भी याद किया गया। इस मौके पर संयोजक सर्वजीत नागर, अजय प्रधान, विधान परिषद सदस्य नरेंद्र सिंह भाटी, पूर्व मंत्री नवाब सिंह नागर, पूर्व विधायक सतवीर गुर्जर, राजकुमार भाटी, डॉ. महेंद्र नागर, दीपक नागर, फकीरचंद नागर, वीर सिंह यादव, श्यामेंद्र प्रधान, पवन नागर, मनुपाल बंसल आदि रहे।