यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में इस बार एक जनपद एक व्यंजन (ओडीओसी) का पवेलियन होगा। इसमें ओडीओसी योजना के तहत घोषित हर जिले का व्यंजन प्रदर्शित किया जाएगा। लोगों को अयोध्या की कचौरी व कुल्हड़ वाली दही-जलेबी, अमेठी का समोसा व लाल गन्ने की गोटी, बुलंदशहर की खुरचन, प्रयागराज की सब्जी-कचौरी का स्वाद चखने को मिलेगा। हालांकि खाने-पीने के स्टॉल अन्य जगह होंगे लेकिन ओडीओसी पवेलियन में लोगों को हर जिले के खास व्यंजनों की जानकारी मिलेगी। इनके 100 से अधिक स्टॉल होंगे।
ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर के बीच उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 का चौथा संस्करण आयोजित होगा। इसकी तैयारी चल रही है। प्रदर्शनी में प्रदेश के 75 जिलों के उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा। उनको ट्रेड शो में जगह का आवंटन किया जा रहा है।
अफसरों ने बताया कि मई में प्रदेश सरकार ने ओडीओसी योजना के तहत हर जिले का एक व्यंजन घोषित किया है। गौतमबुद्ध नगर के बेकरी उत्पाद को चयनित किया गया है। प्रदेश और देश के अन्य हिस्सों के लोगों को इनका स्वाद चखने को मिलेगा। इनमें कासगंज का मूंग का दलमा व सोरों की मोठ की चाट, हाथरस की रबड़ी, अलीगढ़ के इगलास की चमचम, मैनपुरी की सोनपापड़ी व भुना हुआ आलू, फिरोजाबाद की आलू टिक्की, आजमगढ़ की तहरी व सफेद गाजर का हलवा, बलिया का सत्तू, मऊ का लिट्टी चोखा, बरेली की सेवइयां व चाट, बदायूं की लॉज, पीलीभीत की खोया मिठाई, बस्ती का ठेकुआ, श्रावस्ती की इमरती, देवरिया का मालपुआ, कुशीनगर का केला चिप्स, झांसी की दाल बाफला, औरैया की दूध बर्फी, लखनऊ की रेवड़ी आदि शामिल हैं।
अफसरों ने बताया कि सभी जिले अपने-अपने उत्पादों को प्रदर्शित कर प्रचार-प्रसार करेंगे। ताकि इनका कारोबार बढ़ सके। प्रदर्शनी के माध्यम से इन व्यंजनों के कारोबार से जुड़े कारोबारियों को बड़े ऑर्डर भी मिलेंगे।
अलग स्टॉल होंगे
पिछले साल की तरह इस बार भी ट्रेड शो में आने वाले लोगों को हर जिले के पकवान का स्वाद मिलेगा। इनके स्टॉल अलग से लेंगे। जो हॉल नंबर 9 और 14 के सामने वाले रास्ते में होंगे। यहां हर जिले के प्रसिद्ध पकवान का स्टॉल होगा। इनमें आगरा का पेठा, मथुरा का पेड़ा, लखनऊ के टुंडे कबाब अन्य जिलों के मशहूर पकवान है।
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में इस बार ओडीओसी का भी पवेलियन रहेगा। जिस पर हर जिले के व्यंजन को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके स्टॉल आवंटन करने का काम चल रहा है। ट्रेड शो का चौथा संस्करण इस बार भव्य होगा।
-पंकज निर्वाण, उपायुक्त उद्योग गौतमबुद्ध नगर