नोएडा (संवाद)। सेक्टर 31 स्थित आईटीआई नोएडा परिसर में आज रोजगार मेला लगेगा। अधिकारियों ने बताया कि सुबह 10 बजे से इसकी शुरुआत होगी और इसमें 15 से अधिक कंपनियां हिस्सा लेंगी। ये कंपनियां विभिन्न तकनीकी क्षेत्रों के लिए 500 से अधिक पदों पर छात्रों की भर्ती करेंगी।
आईटीआई के फैकल्टी जितेंद्र त्यागी ने बताया कि मेले में हिस्सा लेने के लिए केवल आईटीआई से प्रशिक्षण पा चुके (डिप्लोमा धारक) छात्र ही पात्र होंगे। यह रोजगार मेला उन छात्रों के लिए सुनहरा अवसर है जो प्रशिक्षण के बाद तुरंत रोजगार प्राप्त करना चाहते हैं। उनके अनुसार, इस मेले का उद्देश्य प्रशिक्षित युवाओं को सीधे उद्योग जगत से जोड़ना और उन्हें रोजगार के अवसर प्रदान करना है। कंपनियों की ओर से मशीन ऑपरेटर, टेक्नीशियन, वेल्डर, फिटर, इलेक्ट्रिशियन, मोटर मैकेनिक, प्लास्टिक प्रोसेसिंग ऑपरेटर समेत कई अन्य ट्रेडों में भर्तियां की जाएंगी।