वीआईपी कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही उजागर हुई है। बृहस्पतिवार को ग्रेटर नोएडा एक्सपो मार्ट पहुंचे मॉरिशस के उप प्रधानमंत्री लुईस स्टीवन ओबीगादो के काफिले में शामिल एंबुलेंस रास्ते में खराब हो गई थी। जानकारी मिलते ही आनन-फानन दूसरी एंबुलेंस मौके पर भेजी गई।
शुक्रवार को इस मामले की जांच शुरू कर दी गई। मामले में एडवांस लाइफ सपोर्ट (एएलएस) परियोजना कार्यक्रम के प्रबंधक प्रोमिल त्यागी से तीन दिन में जवाब मांगा गया है।
ग्रेटर नोएडा के एक्सपो मार्ट में पर्यटन एक्सपो साटे-2023 के उद्घाटन कार्यक्रम में केंद्रीय पर्यटन मंत्री जीके रेड्डी के साथ मॉरिशस के उप प्रधानमंत्री भी पहुंचे थे। दोनों ही वीआईपी के काफिले के साथ अलग-अलग एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस तैनात की गई थी।
हालांकि विदेशी उप प्रधानमंत्री के काफिले में शामिल एंबुलेंस बीच रास्ते में खराब हो गई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने तुरंत दूसरी एंबुलेंस को मौके पर भेजी।
एंबुलेंस खराब होने के मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार शर्मा ने एएलएस एंबुलेंस सेवा परियोजना कार्यक्रम प्रबंधक से तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा हैं।