- हापुड़ ने गौतमबुद्ध नगर की टीम को आठ विकेट से हराया
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो के शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में 35 वर्ष से अधिक आयु के क्रिकेटरों ने बल्ले और गेंद से खूब रंग जमाया। उत्तर प्रदेश वेटरन क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शुक्रवार को डॉ. गौड़ हरि सिंघानिया वेटरन यूपी टी-20 लीग के वेस्ट जोन पूल-एफ में चार टीमों के बीच दो मैच खेले गए। प्रत्येक टीम में 35-40 वर्ष के चार खिलाड़ी और 40 से अधिक आयु वर्ग के सात खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। गौतमबुद्ध नगर वेटरन क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव एवं वेस्ट जोन पूल-एफ टूर्नामेंट के समन्वयक नीलमणि द्विवेदी ने बताया कि पहले मुकाबले में हापुड़ ने गौतमबुद्ध नगर को आठ विकेट से हरा दिया। जिले की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 115 रन बनाए। शशांक सिंह ने सर्वाधिक 45 रन की पारी खेली। दीपक भाटी ने दो विकेट लिए। जवाब में हापुड़ ने दो विकेट पर 116 रन बना लिए। विनोद भाटी ने 66 रन की पारी खेली। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरा मैच में गाजियाबाद ने अलीगढ़ को 18 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए गाजियाबाद टीम ने नौ विकेट पर 161 रन बनाए। अंकित खारी ने 48 रन और सौरभ यादव ने 39 रन की पारी खेली। योगेंद्र गौड़ ने चार विकेट हासिल किए। जवाब में अलीगढ़ 143 रन पर ही सिमट गई। गाजियाबाद से दीपक राय व मनोज अत्री ने दो-दो विकेट हासिल किए। एक विकेट सौरभ यादव को मिला। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।