20 बड़े बकायेदारों के औद्योगिक भूखंड आवंटन होंगे निरस्त
औद्योगिक विभाग की समीक्षा में सीईओ बोलीं - ग्रेनो प्राधिकरण ईकोटेक-16 में जल्द लाएगा वेयर हाउसिंग स्कीम
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो प्राधिकरण की मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने औद्योगिक भूखंडों के 20 बड़े बकायेदारों के आवंटन निरस्त करने के निर्देश दिए हैं, साथ ही जिन उद्यमियों ने तय समय में उद्योग नहीं लगाए हैं उनको भी अंतिम नोटिस जारी करने को कहा है। सीईओ बृहस्पतिवार को प्राधिकरण में औद्योगिक विभाग की समीक्षा कर रही थीं। इसके अलावा सेक्टर ईकोटेक-16 में जल्द ही वेयर हाउसिंग स्कीम लाने के भी अधिकारियों को निर्देश दिए।
कई बार के नोटिस के बावजूद औद्योगिक भूखंड के इन बकायेदारों ने पैसे जमा नहीं किए। ऐसे में इन बकायेदारों के आवंटन निरस्त करने के निर्देश दिए हैं। इनमें उन उद्यमियों को भी नोटिस जारी किए जाएंगे, जिन्होंने लंबे समय से तय अवधि में औद्योगिक इकाई नहीं शुरू की है। प्लॉट को कब्जे में लेकर स्कीम के जरिए अन्य निवेशकों को आवंटित करें, ताकि उन भूखंडों पर उद्योग लग सकें और युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सके। सीईओ ने कहा कि जिन आवंटियों ने आवंटन धनराशि जमा करा दी है, उनकी लीज डीड की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराई जाए। बैठक में प्राधिकरण के एसीईओ आनंद वर्धन, ओएसडी विशु राजा व अन्य स्टाफ भी मौजूद रहे।