नोएडा। जमीन देने वाले किसानों को जमीन के सापेक्ष 5 प्रतिशत आबादी के प्लॉट की देनदारी समाप्त करने के लिए नोएडा प्राधिकरण सेक्टर-146 में प्लॉट नियोजित कर रहा है। यहां पर 307 किसानों को प्लॉट देने के लिए प्राधिकरण ने आरक्षण पत्र जारी कर दिया है। डाक से 2023 तक के पात्र किसानों को यह पत्र भेज दिए गए हैं। इनमें यह जानकारी दी गई है कि आपको प्राधिकरण सेक्टर-146 में प्लॉट देगा। नियोजन की कार्रवाई चल रही है। फिर विकास के साथ जल्द कब्जा दिया जाएगा। प्लॉट लोकेशन का निर्धारण लॉटरी के जरिए होगा। प्राधिकरण के सीईओ कृष्ण करुणेश ने बताया कि किसानों की समस्याओं खासतौर पर प्लॉट की मांग के निस्तारण की योजना पर प्राधिकरण पारदर्शी व्यवस्था के तहत काम कर रहा है। लॉटरी के माध्यम से चौड़ी सड़क, पार्क के सामने आदि लोकेशन तय की जाएंगी। सीईओ ने बताया कि इस सूची के बाद 50 और किसानों के प्लॉट दिया जाना शेष बचेगा। ब्यूरो