-उपायुक्त, मुख्यमंत्री एवं सीएम फ्लाइंग स्क्वायड को भेजी शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
पुन्हाना। नगरपालिका प्रशासन द्वारा निजी जमीन पर सड़क निर्माण और टेंडर प्रक्रिया में अनियमितता बरतने का आरोप लगाते हुए शहर के एक व्यक्ति ने जिला प्रशासन से मामले की जांच कराने की मांग की है। शिकायतकर्ता ने इस संबंध में उपायुक्त नूंह, मुख्यमंत्री हरियाणा और सीएम फ्लाइंग स्क्वॉड को लिखित शिकायत भेजी है।
शिकायत में वार्ड नंबर-8 सर्राफा बाजार निवासी ललित कुमार गर्ग ने बताया कि जमालगढ़ रोड स्थित एक निजी जमीन पर अवैध रूप से प्लॉटिंग की गई है। आरोप है कि यहां नगरपालिका पुन्हाना द्वारा जमालगढ़ रोड से सांवली मंदिर तथा डॉ. बघेल से उत्तम तक सड़क निर्माण के लिए लगभग 11 लाख रुपये का टेंडर लगाया गया है। यह मार्ग पूरी तरह निजी जमीन पर विकसित की गई अवैध कॉलोनी के अंतर्गत आता है, जहां सरकारी धन से विकास कार्य करवाना नियमों के विरुद्ध है। इसके बावजूद नगरपालिका द्वारा यहां सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया अभी पूरी भी नहीं हुई है और टेंडर खोला भी नहीं गया। इसके बावजूद नगरपालिका प्रशासन ने अपने नजदीकी ठेकेदार से सड़क निर्माण का कार्य पहले ही करवा दिया। इससे टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरतने और सरकारी नियमों की अनदेखी का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी अधिकारियों व संबंधित ठेकेदार के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।