दादरी के खटाना गांव स्थित गोशाला का मामला, सरकारी धन के दुरुपयोग का भी आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
दादरी। दादरी के खटाना गांव स्थित गोशाला में गोवंश के साथ क्रूरता और सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने प्रमुख सचिव, पशुधन विभाग से शिकायत की है। ग्रामीणों ने 48 घंटों के भीतर शासन स्तर पर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि 25 जून को गोशाला के वायरल वीडियो में कई दिनों से मृत पड़े गोवंश दिखाई दे रहे हैं। उनका कहना है कि शिकायत करने पर गोशाला संचालक अभद्र व्यवहार करते हैं। ग्रामीणों ने गोशाला का औचक निरीक्षण और सरकारी धनराशि के ऑडिट की मांग की है। उनका आरोप है कि ग्राम प्रधान सुशील कुमार और ग्राम सचिव गोशाला का नियमित निरीक्षण नहीं करते। प्रभारी पशु चिकित्साधिकारी पर भी कई महीनों से निरीक्षण नहीं करने का आरोप लगाया गया है।
मामले का संज्ञान लेते हुए मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरुण सचान ने उपमुख्य पशु चिकित्साधिकारी और खंड विकास अधिकारी से विस्तृत आख्या तलब की है। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो का भी सत्यापन कराया जाएगा और जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।