मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुए जिला स्तरीय बॉक्सिंग ट्रायल में खिलाड़ियों ने नहीं लिया हिस्सा
नितेश कुमार
ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर के बॉक्सरों ने मेरठ में होने वाले मंडल स्तरीय बॉक्सिंग ट्रायल की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए आगामी सभी ट्रायल अन्य जिले में कराने की मांग की है। खिलाड़ियों का आरोप है कि वर्षों से मेरठ में होने वाले मंडलीय ट्रायल में स्थानीय खिलाड़ियों को अनुचित लाभ दिया जाता है, जबकि गौतमबुद्ध नगर समेत अन्य जिलों के खिलाड़ियों के साथ पक्षपात किया जाता है और वे राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं तक नहीं पहुंच पाते। अपनी इसी मांग को लेकर विरोध जताते हुए सोमवार को सूरजपुर स्थित मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुए जिला स्तरीय बॉक्सिंग ट्रायल में जिले से कई खिलाड़ियों ने हिस्सा नहीं लिया।
मेरठ मंडल में गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, बागपत, हापुड़, मेरठ और गाजियाबाद जैसे जिले भी शामिल हैं। खिलाड़ियों का आरोप है कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए अधिकतर मेरठ के ही खिलाड़ियों को चुनकर अन्य प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के पंख कतरे जा रहे हैं। उनका कहना है कि मंडल ट्रायल में विजेता खिलाड़ियों का रिजल्ट रिंग में नहीं दिया जाता। ट्रायल समाप्त होने पर आधिकारिक सूची जारी की जाती है।
वीडियोग्राफी कराने की मांग
बॉक्सरों का कहना है कि यदि ट्रायल किसी तटस्थ स्थान पर कराए जाएं या चयन प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाए तो खिलाड़ियों का भरोसा बढ़ेगा और प्रतिभाओं को समान अवसर मिल सकेगा। खिलाड़ियों ने खेल निदेशालय से कहा है कि यदि समय रहते उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो वे आगे भी जिला व मंडल स्तरीय ट्रायल का विरोध जारी रखेंगे।वहीं, बॉक्सिंग कोच प्रमोद कुमार ने भी खिलाड़ियों का समर्थन करते हुए कहा कि उनकी भावनाओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए।
कोट
मेरठ मंडलीय ट्रायल में भेदभाव होने से राज्य स्तरीय प्रतियोगिता तक नहीं पहुंच पाते हैं। -मानव बैसोया, बॉक्सर
हर बार मेरठ के खिलाड़ियों का चयन अधिक संख्या में होता है। चयन अपारदर्शी है। -भविष्य नागर, बॉक्सर
जिला स्तरीय ट्रायल का बहिष्कार किया ताकि हमारी आवाज खेल विभाग तक पहुंचे। -युवराज, बॉक्सर
यदि चयन प्रक्रिया पर ही सवाल उठेंगे तो खिलाड़ियों का मनोबल टूटेगा। कार्रवाई हो। -रोहन सैनी, बॉक्सर