स्पोर्ट्स सिटी में सेक्टर-78, 79 के संशोधित लेआउट प्लान में सोहरखा गांव की जमीन भी शामिल किए जाने का आरोप किसानों ने लगाया है। किसान रवि यादव का आरोप है कि बिल्डर ने बिना किसी धरातलीय निरीक्षण व मौका मुआयना किए केवल कागजों पर संशोधित ले-आउट प्लान तैयार कर लिया। इसमें गांव के किसानों की निजी व पैतृक कृषि भूमि को अवैध रूप से बिल्डर की परियोजना का हिस्सा दर्शाया गया है जबकि धरातल पर आज भी किसानों का ही कृषि कार्य, भौतिक कब्जा एवं मेड़बंदी कायम है। बिना स्थलीय सत्यापन के तैयार इस ले-आउट प्लान के लागू होने से किसानों के खेत की मेड़बंदी, सिंचाई नाली, जल-निकासी एवं आवाजाही के पारंपरिक रास्ते पूरी तरह बाधित हो जाएंगे।
अब तक आई 10 आपत्तियां, निस्तारण व सुनवाई को समिति बनी
स्पोर्ट्स सिटी के प्लॉट-01, सेक्टर-152 व सेक्टर-78-79 का बिल्डरों की तरफ से दिए गए संशोधित लेआउट पर नोएडा प्राधिकरण ने आपत्ति सुझाव मांगे हैं। 11 अक्तूबर तक प्राधिकरण आपत्ति-सुझाव लेगा। अभी तक अलग-अलग तरह 10 से अधिक आपत्तियां प्राधिकरण में आ चुकी हैं। रविवार तक आपत्ति दर्ज कराने का आखिरी दिन है। लोग पत्र के अलावा ईमेल के जरिये भी आपत्तियां दर्ज कर सकते हैं। प्राधिकरण में आपत्तियों पर सुनवाई व निस्तारण के लिए दोनों एसीईओ की अध्यक्षता में समिति बनाई गई है। इसमें सभी विभागाध्यक्ष भी शामिल किए गए हैं। ब्यूरो