माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। पूर्वांचल रॉयल सिटी निवासी एक व्यक्ति ने गुरुग्राम की रियल एस्टेट कंपनी के कारोबारी पर 91.71 लाख की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। पीड़ित सुमन रंजन का कहना है कि मैसर्स प्रॉविडेंट कैपिटल और रियल्टीबुल्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक आनंद शेखर ने उनके साथ धोखाधड़ी और विश्वासघात किया। अक्टूबर 2020-21 में आनंद शेखर ने उनसे अपने वित्तीय खातों की देखभाल और जीएसटीआईएन रिवोकेशन के लिए संपर्क किया था। इसके बाद आनंद शेखर के वित्तीय कार्यों का प्रबंधन किया और दोनों के बीच वार्षिक 4.80 लाख रुपये की मेहनताने पर सहमति बनी।
फरवरी 2023 में उन्होंने अपने परिचित ग्राहक नवीन मलिक को आनंद शेखर के बारे में बताया। जिससे डीएलएफ के द ऑर्बर प्रोजेक्ट में निवेश हुआ। इस बिक्री से 23 लाख रुपये का कमीशन प्राप्त हुआ। जिसका आधा हिस्सा पीड़ित को देने का वादा किया गया था। लेकिन आनंद शेखर ने भुगतान से मना कर दिया। वित्तीय संकट का हवाला देते हुए और भुगतान टालते रहे। अप्रैल 2023 में आनंद शेखर ने पीड़ित को पूरी तरह से नोएडा शाखा के वित्तीय और कर कार्यों में शामिल होने का प्रस्ताव दिया। पीड़ित को मासिक 2 लाख रुपये का रिटेनर शुल्क देने का वादा किया गया। लेकिन 2023-24 के दौरान यह भुगतान नहीं किया गया। पीड़ित ने आनंद शेखर को कई बार भुगतान के लिए अनुरोध किया। मगर बहानेबाजी के कारण 91 लाख 71 हजार रुपये का भुगतान अभी तक नहीं हुआ। वहीं सेक्टर-142 कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार मिश्र का कहना है कि केस दर्ज कर जांच शुरू की है।