माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। एक कंपनी के कर्मचारी पर लाखों रुपये के स्टॉक में हेराफेरी का आरोप लगा है। शिकायत पर ईकोटेक-3 कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की है। एआरएस फूड इंग्रीडिएंट्स प्राइवेट लिमिटेड के अधिकृत प्रतिनिधि धर्मबीर सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि दीपक कुमार पर्चा निवासी दिल्ली 1 अप्रैल 2016 को कंपनी में नियुक्त हुआ था। बाद में 1 अप्रैल 2018 को उसे ग्रेटर नोएडा स्थित कंपनी के गोदाम पर स्टोर इंचार्ज के रूप में तैनात किया गया। उसके पास लाखों रुपये मूल्य का स्टॉक और पूर्ण नियंत्रण था। 28 मार्च 2024 को कंपनी प्रतिनिधि नवीन सिंह ने गोदाम का निरीक्षण किया तो लगभग 7 लाख 87 हजार 635 रुपये मूल्य का स्टॉक कम पाया गया। इसकी सूची भी दीपक पर्चा ने अपने हस्तलिखित विवरण में तैयार की थी। उसने कंपनी को हुए नुकसान की भरपाई करने का वादा करते हुए 30 सितंबर 2024 तक रकम लौटाने की बात कही। इसके लिए तीन पोस्ट डेटेड चेक दिए। लेकिन जब कंपनी ने चेक बैंक में प्रस्तुत किए तो सभी चेक बाउंस हो गए। कोतवाली प्रभारी अजय कुमार का कहना है कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है।