माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। एक युवती की अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर ईकोटेक-3 कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की है। पिता का कहना है कि वह कोतवाली क्षेत्र के एक कालोनी में परिवार के साथ किराये पर रहते हैं। इसी मकान की पहली मंजिल पर बुलंदशहर निवासी कुलदीप भी किराये पर रहता है। आरोप है कि कुलदीप ने उनके परिवार से मेल-जोल बढ़ाकर उनकी 19 वर्षीय पुत्री से दोस्ती कर ली और उसका भरोसा जीतकर अश्लील वीडियो बना लिया। करीब 15 दिन पहले बनाए गए इस वीडियो को कुलदीप ने ब्लैकमेलिंग के लिए हथियार बनाया और वायरल करने की धमकी दी। इतना ही नहीं उसने कथित तौर पर यह वीडियो अन्य किरायेदारों को भी दिखाया। वीडियो पीड़ित की पत्नी के पास भी पहुंच गया है, जिससे परिवार की प्रतिष्ठा और बेटी की इज्जत दांव पर लगी है। कोतवाली प्रभारी अजय कुमार का कहना है कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है।