नोएडा। सेक्टर- 63 थाना क्षेत्र स्थित कंपनी के निदेशक ने अपने पूर्व अकाउंटेंट पर 85 लाख रुपये गबन करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। निदेशक रमन दीवान ने बताया कि दिल्ली के खिचड़ीपुरी के रहने वाले रोहित मुरालिया वर्ष 2019 से 2025 तक कंपनी में अकाउंटेंट के पद पर तैनात थे। कंपनी ने जीएसटी कार्यालय में कर जमा कराने के लिए रोहित के खाते में निर्धारित समय पर 1.35 करोड़ रुपये की रकम भेजी गई। जांच करने पर पता चला कि पचास हजार रुपये जीएसटी की रकम जमा की गई और शेष रुपये जमा नहीं किए। आरोपी है कि शेष रकम का गबन कर लिया गया। रोहित ने फर्जी तरीके से स्वयं का ओवरटाइम तैयार किया और फर्जी बिल कंपनी को भेजे। सेक्टर 63 थाना प्रभारी अमित काकरान ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। ब्यूरो