रबूपुरा (संवाद)। जेवर तहसील के मोहम्मदाबाद खेड़ा गांव में 22 बीघा सरकारी जमीन पर कब्जे की साजिश का आरोप लगा रहे ग्रामीणों का श्मशान घाट पर अनिश्चितकालीन धरना जारी है। भारतीय अन्नदाता किसान यूनियन (अराजनैतिक) के पदाधिकारियों का आरोप है कि जमीन पर कब्जे के लिए एसडीएम न्यायालय में सीमांकन से संबंधित फर्जी अभिलेख प्रस्तुत किए गए हैं। इनके आधार पर जमीन को लेकर गलत आदेश कराने की साजिश रची जा रही है। इसके विरोध में ग्रामीण 16 नवंबर से गांव के श्मशान घाट पर धरने पर बैठे हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक मामले की निष्पक्ष जांच कराकर कथित भू-माफिया और इसमें शामिल अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक धरना जारी रहेगा।