लखनऊ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) ने नए सत्र 2025-26 को नियमित करने के लिए नई पहल शुरू की है। इसके तहत अब दिसंबर-जनवरी तक चलने वाली नामांकन प्रक्रिया को अक्तूबर में ही पूरा करने का निर्णय लिया है। इससे दिसंबर-जनवरी में पहली सेमेस्टर परीक्षा का आयोजन किया जा सकेगा। हालांकि फार्मेसी इसका अपवाद होगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि काउंसिलिंग व मैनेजमेंट कोटे हुए प्रवेश के नामांकन व परीक्षा फार्म 30 सितंबर से 10 अक्तूबर तक भरे जाएंगे। इस तिथि तक अगर कॉलेज नवप्रवेशित छात्रों के नामांकन व परीक्षा फाॅर्म नहीं भरवाता है तो इसके लिए वह जिम्मेदार होगा। दूसरी तरफ नामांकन फार्म में छात्रों की व्यक्तिगत व अकादमिक सूचनाएं, शैक्षिक व अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ भरी जाएंगी।
प्रभारी कुलसचिव केशव सिंह के अनुसार बीफार्मा छोड़कर अन्य सभी यूजी पाठ्यक्रम के लिए परीक्षा शुल्क 7500 और पीजी के लिए 10 हजार रुपये है। उन्होंने कहा है कि नवप्रवेशित छात्रों का डाक्यूमेंट वेरीफिकेशन पांच से 15 अक्तूबर के बीच अनिवार्य रूप से किया जाएगा। डाक्यूमेंट वेरीफिकेशन के संबंध विश्वविद्यालय की ओर से विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
जबकि नामांकन फार्म की हार्ड कॉपी सत्यापन के तीन दिन के अंदर विश्वविद्यालय में जमा करनी होगी। हालांकि फार्मेसी इसका अपवाद होगा। क्योंकि फार्मेसी की प्रवेश काउंसिलिंग अक्तूबर के पहले सप्ताह से शुरू होकर नवंबर के मध्य तक चलेगी। ऐसे में इसके नामांकन व परीक्षा फार्म बाद में ही भरवाए जा सकेंगे। हालांकि विश्वविद्यालय प्रशासन अगले साल से इसका भी सत्र नियमित करने की कवायद अभी से कर रहा है।
एक्सपो मार्ट में दिखेगा युवाओं का नवाचार
नोएडा में यूजी इंटरनेशनल ट्रेड शो, इंडिया एक्सपो मार्ट का आयोजन 25 से 29 सितंबर तक किया जा रहा है। इसमें एकेटीयू की ओर से प्रदेशभर के अच्छे 40 स्टार्टअप का प्रदर्शन किया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार यहां प्रदर्शनी में देशभर के कुल 150 स्टार्टअप लगाए जाएंगे। विश्वविद्यालय ने सभी संबद्ध संस्थानों को पत्र भेजकर अपने छात्रों व शिक्षकों को भी इस एक्सपो मार्ट व प्रदर्शनी भ्रमण करने का सुझाव दिया है।