एकेटीयू : बीटेक प्रथम वर्ष के दाखिले की काउंसलिंग रुकी
1.32 लाख विद्यार्थियों में छाई बेचैनी, अलॉटमेंट लेटर जारी नहीं होने से दाखिला अटका
संदीप वर्मा
ग्रेटर नोएडा। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) से संबद्ध कॉलेजों में 2023-24 में बीटेेक प्रथम वर्ष में दाखिले के इंतजार में बैठे 1.32 लाख विद्यार्थियों की चिंता बढ़ गई है। विवि की अगस्त के दूसरे सप्ताह में शुरू होने वाली काउंसलिंग नहीं हो पाई, ऐसे में अलॉटमेंट लेटर जारी न होने से विद्यार्थियों का दाखिला अटक गया है। एकेटीयू की ओर से 749 कॉलेजों में तय समय तक संबद्धता न हो पाने से यह हालात बने हुए हैं। वहीं, निजी विवि में नया सत्र भी शुरू हो रहा है।
एकेटीयू की काउंसलिंग प्रक्रिया 14 अगस्त से शुरू हुई थी, हालांकि कॉलेजों को नए दाखिलों की स्वीकृति (एक्सटेंशन ऑफ अप्रूवल) नहीं मिलने से यह पूरी नहीं हो पाई। विवि 31 जुलाई तक कॉलेजों को स्वीकृति नहीं कर पाया था। इससे पहले अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) 30 जून तक इन कॉलेजों को दाखिलों की स्वीकृति दे चुका था। समय अवधि बढ़ाने की एकेटीयू की मांग पर पहले उच्च न्यायालय के इनकार करने और बाद में उच्चतम न्यायालय ने याचिका खारिज कर दी। मान्यता नहीं मिलने पर प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए शून्य वर्ष (जीरो ईयर) होने का खतरा मंडरा रहा है।
-
सुप्रीम कोर्ट में दायर की याचिका
टेक्निकल इंस्टीट्यूशन फाउंडेशन उत्तर प्रदेश के महासचिव डॉ. अतुल जैन ने बताया कि एकेटीयू के 749 कॉलेजों को प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए मान्यता नहीं मिली है। फाउंडेशन ने सर्वोच्च न्यायालय में याचिका दायर की है। सुनवाई की तिथि का इंतजार है।
-
दिल्ली-एनसीआर के कई निजी विश्वविद्यालयों में विद्यार्थियों ने दाखिले ले लिए हैं। इनमें से कुछ में पढ़ाई भी शुरू हो गई है। यहां अब तक काउंसलिंग भी नहीं हुई है। हमारी चिंता बढ़ती जा रही है। - गुंजन, आवेदक, बीटेक प्रथम वर्ष
-
एकेटीयू की 14 अगस्त से काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू हुई थी। वैसे भी यह बहुत देरी से शुरू हुई थी। अगस्त भी बीत गया, लेकिन काउंसलिंग नहीं हुई है। बिना दाखिले के हमारा परेशान होना लाजिमी है। - यश कृष्णन, आवेदक, बीटेक प्रथम वर्ष