एकेटीयू: बीफार्मा प्रवेश के 18 हजार रजिस्ट्रेशन
लखनऊ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी (एकेटीयू) ने 18 सितंबर से बीफार्मा प्रवेश के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू की है। दो दिन में ही 18 हजार से ज्यादा छात्रों ने पंजीकरण कराया है। विश्वविद्यालय की ओर से विस्तृत काउंसिलिंग शेड्यूल जल्द जारी किया जाएगा।
फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया (पीसीआई) की ओर से फार्मेसी संस्थानों की संबद्धता प्रक्रिया 30 सितंबर तक पूरी की जा रही है। इस प्रक्रिया की वजह से हो रही देरी से विवि प्रशासन ने अपने स्तर से प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है।विवि प्रशासन पहले से चल रहे कॉलेजों की संबद्धता प्रक्रिया पूरी करने में लगा है। उसका लक्ष्य है कि इस महीने ही प्रवेश की प्रक्रिया को पूरा किया जाए। ताकि नवप्रवेशितों की भी पढ़ाई समय से शुरू कराई जा सके। बता दें कि प्रदेश के 300 कॉलेजों में लगभग 30 हजार फार्मेसी की सीटें हैं। हालांकि प्रवेश में हो रही देरी की वजह से सभी सीटें भरना मुश्किल होगा।
बीटेक-बीफार्मा का परीक्षा परिणाम घोषित
लखनऊ। एकेटीयू के सत्र 2024-25 सम सेमेस्टर परीक्षा में बीटेक व बीफार्मा के तृतीय वर्ष के छठे सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया गया है। छात्र अपना परिणाम विवि की वेबसाइट पर वन व्यू में देख सकते हैं। (ब्यूरो)
एकेटीयू में हुआ ऑनलाइन संवाद
लखनऊ। एकेटीयू में शुक्रवार को कुलपति प्रो. जेपी पांडेय की अध्यक्षता में ऑनलाइन संवाद हुआ। इसमें विश्वविद्यालय से संबद्ध संस्थानों के निदेशकों को कुलपति ने सेवा पखवाड़ा के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़ा में दिए गए कार्यक्रमों को सभी संस्थान कराएं। (ब्यूरो)