- राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में अखिलेश ने स्वर्ण व हर्षित ने जीता कांस्य पदक
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर के पहलवान अखिलेश पलवल में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप में अपना दम लगाते हुए नजर आएंगे। प्रतियोगिता के लिए पहलवान का चयन राज्य कुश्ती प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने के आधार पर हुआ है। मुजफ्फरनगर में आयोजित राज्य स्तर प्रतियोगिता में जिले के दो पुरुष पहलवानों ने बेहतर प्रदर्शन किया। पहलवानों ने प्रतियोगिता में एक स्वर्ण समेत दो पदक हासिल किए। इसमें प्रदेश भर से 400 से अधिक पहलवानों ने भाग लिया।
उत्तर प्रदेश कुश्ती एसोसिएशन की ओर से मुजफ्फरनगर के बुढाना स्थित कुलदीप बालियान कुश्ती अकादमी 19 से 21 मई तक अंडर-17 राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में 48 किग्रा भार वर्ग में अखिलेश ने क्वॉटर फाइनल में मेरठ के पहलवान हर्ष को हराया। सेमीफाइनल में आजमगढ़ के पहलवान शोभित को पराजित किया। फाइनल में पहलवान का सामना बनारस के राहुल के साथ हुआ। अखिलेश ने राहुल को पराजित कर स्वर्ण पदक जीता। वहीं, 110 किग्रा भार वर्ग में हर्षित को सेमीफाइनल में हार के बावजूद कांस्य पदक मिला। दोनों पहलवान ग्रेटर नोएडा के सेक्टर 37 स्थित क्षेत्रीय खेल मैदान में संचालित गुरु रंजीत अकादमी में कोच रंजीत पहलवान से पहलवानी के गुर सीखते है। कोच ने बताया कि अखिलेश 25 से 27 मई तक पलवल के सुभाष चंद बोस अकादमी में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप के लिए हुआ है। जिला कुश्ती एसोसिएशन के सचिव चतर सिंह, योगी भाटी, वनीष प्रधान, जितेंद्र भाटी, परीक्षित नागर, राजेंद्र भाटी, रविंद्र भाटी, राजेश भाटी ने पहलवानों को जीत की बधाई दी।