निजी समारोह में शामिल होने ग्रेटर नोएडा पहुंचे सपा मुखिया ने बीजेपी पर किया हमला
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने शुक्रवार को महाकुंभ, मिल्कीपुर उपचुनाव और अमेरिका से भारतीयों के निर्वासन को लेकर बीजेपी और केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने अमेरिका से भारतीयों के निर्वासन के सवाल पर कहा कि इस घटना ने भाजपा की पोल खोल दी है। उन्होंने कहा कि दिनभर भारत का डंका विश्व में बज रहा है और भारत विश्व गुरु बनने वाला है यह दावा करने वाले अब चुप घूम रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत ने अपना पूरा बाजार अमेरिका को सौंप दिया है। इसके बावजूद वह इतना कमजोर कैसे हो सकता है।
उन्होंने कहा कि अमेरिका से कमजोर देश ने सेना के विमान से आए अपने निर्वासितों को स्वीकार करने से मना किया तो अमेरिका को झुकना पड़ा। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि पंजाब वाले 50 लाख रुपये देकर गए थे, मगर गुजरात वालों ने एक करोड़ दिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को इनका पैसा वापस दिलाने के साथ ही इन्हें रोजगार देना चाहिए।
निजी समारोह में शामिल होने ग्रेटर नोएडा आए सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि महाकुंभ की कोई परिभाषा नहीं है। जमाना मार्केटिंग का है और यही वजह है कि किसी ने 144 साल का प्रमाण तक नहीं मांगा। ऐसा ही 144 साल का चुनाव हमने मिल्कीपुर में देखा। भाजपा ने बगल के जिलों से कार्यकर्ता बुलवाए और पीठासीन अधिकारियों तक की रिकार्डिंग सामने है।
सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी के आवास पर पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि मिल्कीपुर में बीएलओ से लेकर थाने तक की पोस्टिंग योजना के अनुसार की गई थी। उन्होंने कहा कि मृतकों तक के वोट डलवाए गए और अगर जांच में यह सच्चाई सामने आए तो दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
इंडि गठबंधन के सवाल पर कहा कि यह इंडि गठबंधन के अंदर का मामला है और इसे मिलकर सुलझा लेंगे। 2027 में इंडि गठबंधन के सवाल पर कहा कि पीडीए चलेगा। अखिलेश ने कहा कि पीडीए के लोग देख रहे हैं कि उनका कैसे अपमान किया जा रहा है। इससे पहले सपा पदाधिकारियों ने अखिलेश यादव का नोएडा में डीएनडी समेत अन्य स्थानों पर स्वागत किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी, प्रदीप भाटी, डॉ. महेंद्र नागर, फकीर चंद नागर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।