एयरपोर्ट में कर्मचारी को ट्रक ने रौंदा, मौत
राजस्थान नंबर के ट्रक ने मारी थी टक्कर, झारखंड निवासी युवक कर रहा था ठेकेदार के अंडर काम
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट में टाटा प्रोजेक्ट्स के तहत काम करने वाले कर्मचारी को अनियंत्रित ट्रक ने रौंद दिया। ट्रक की टक्कर से कर्मचारी के सिर में गंभीर चोटें आई और उसकी मौत हो गई। उसके साथी कर्मचारी जब उसे लेकर अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टर ने कर्मचारी को मृत घोषित कर दिया। कंपनी के सुपरवाइजर की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
जेवर एयरपोर्ट में टाटा प्रोजेक्ट्स के सब कांट्रेक्टर के रूप में काम करने वाली कंपनी के सिविल सुपरवाइजर शिवम शुक्ला ने पुलिस को बताया कि मूल रूप से झारखंड के जिला गिरिडीह निवासी अजीत हेमब्रोज उनके पास काम करते थे। वहीं लेबर कैंप में रहते थे। 22 जुलाई की दोपहर लगभग 1:30 बजे राजस्थान नंबर के एक ट्रक चालक ने एयरपोर्ट के अंदर गोल चक्कर के पास लापरवाही से ट्रक को पीछे करने के दौरान कर्मचारी को टक्कर मारी और उसे बुरी तरह से रौंद दिया। इसमें कर्मचारी को गंभीर चोंटें आईं और उनकी मौत हो गई। थाना प्रभारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।