नई दिल्ली। एम्स दिल्ली को कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल के तहत शुक्रवार को तीन नई इलेक्ट्रिक बसों की सौगात मिली। यह बसें पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड ने उपलब्ध कराईं हैं। यह बसें नौ मीटर लंबी है। इन्हें शुक्रवार को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस मौके पर पावरग्रिड और एम्स के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
एम्स दिल्ली के निदेशक प्रो. एम श्रीनिवास ने पावरग्रिड के चेयरमैन आरके त्यागी को सीओ2 के स्तर को कम करने, कार्बन फुटप्रिंट और प्रदूषण नियंत्रण के लिए एम्स की पहलों से अवगत कराया। बता दें कि अब एम्स के पास चार इलेक्ट्रिक बस हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार इन इलेक्ट्रिक बसों का इस्तेमाल मेट्रो शटल और एम्स के एनसीआर में स्थित केंद्रों के लिए होगा। जिससे मरीजों को आवाजाही के लिए साधन उपलब्ध हो सकें। साथ ही कर्मचारी और आगंतुक भी बस सेवा का लाभ उठा सकेंगे। ब्यूरो