-22 डॉक्टरों और नर्सों की टीम पंजाब रवाना, पीड़ितों की करेगी मदद
-अमृतसर, गुरदासपुर और आसपास रहेगी सक्रिय
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। पंजाब में बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए एम्स दिल्ली ने मदद का हाथ आगे बढ़ाया है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में चिकित्सा और मानवीय सहायता प्रदान करने के लिए डॉक्टरों और नर्सेज की एक टीम शुक्रवार को पंजाब के लिए रवाना हुई। इसमें अलग-अलग विभाग के डॉक्टर और नर्सेज शामिल है।
एम्स के रेडियोडायग्नोसिस और इंटरवेंशनल रेडियोलॉजी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अमरिंदर सिंह मल्ही ने कहा कि 22 डॉक्टरों और नर्सेज की टीम पंजाब जा रही है। पंजाब के अमृतसर, गुरदासपुर और आसपास के जिलों में अस्थायी तौर पर बाढ़ प्रभावित लोगों के स्वास्थ्य जांच को लेकर क्लीनिक चलेगा। पंजाब में काफी समय से बाढ़ आ रखी है। ऐसे में बीमारियों का भी खतरा बढ़ गया है। एम्स के मेडिसिन, मनोचिकित्सा, बाल रोग, सामुदायिक चिकित्सा, शल्य चिकित्सा, रेडियोडायग्नोसिस और प्रयोगशाला चिकित्सा विभाग के डॉक्टर और वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारियों की टीम जा रही है। यह सभी चिकित्सा देखभाल प्रदान करने, दवाइयां वितरित करने और प्रभावित लोगों की मदद करेंगे।