- नोएडा की एक कंपनी ने तैयार किया एजेंटिक एआई डिस्पैचर
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। नोएडा की एक कंपनी ने एजेंटिक एआई डिस्पैचर लॉन्च किया है, जिससे ई-कॉमर्स डिलीवरी सिस्टम में बड़ा बदलाव आने का दावा किया गया है। कंपनी के अनुसार इस तकनीक से लॉजिस्टिक्स समय में 90 प्रतिशत तक कमी संभव है। जहां पहले किसी ऑपरेशन में 10 घंटे लगते थे, अब वही काम करीब 60 मिनट में पूरा हो सकेगा। कंपनी ने बताया कि यह अत्याधुनिक एआई तकनीक लास्ट-माइल डिलीवरी को तेज और अधिक कुशल बनाएगी। देश की कई बड़ी कंपनियां इस प्रोडक्ट का परीक्षण करने जा रही हैं। इससे ऑर्डर ग्राहकों तक कम समय में पहुंच सकेंगे। सेक्टर 127 स्थित कंपनी ने बृहस्पतिवार को ग्रेनो के एक होटल में इस तकनीक को लांच किया। अधिकारियों के मुताबिक, डिस्पैच प्रक्रिया तेज होने से डिलीवरी बॉय को अधिक समय मिलेगा, जिससे सड़क हादसों में भी कमी आ सकती है। साथ ही प्रति डिलीवरी लागत में करीब 17.5 प्रतिशत तक कमी और उत्पादकता में 3 से 5 गुना तक बढ़ोतरी संभव है। इस तकनीक से रूट ऑप्टिमाइजेशन, ड्राइवर मैनेजमेंट, शेड्यूलिंग और रियल-टाइम मॉनिटरिंग जैसे कार्य भी आसान हो जाएंगे।