संवाद न्यूज एजेंसी
सिवानी मंडी। अग्रवाल समाज के प्रतिनिधियों की रविवार को सिवानी के अग्रसेन भवन में अग्रोहा धाम के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बजरंग गर्ग की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में समाज के संगठन को और मजबूत बनाने के उपायों पर विचार-विमर्श किया गया।
अग्रोहा धाम वैश्य समाज के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने कहा कि अग्रवाल समाज महाराजा अग्रसेन के आदर्शों का पालन करते हुए देश और प्रदेश में सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों में निरंतर सक्रिय है। वैश्य समाज सामाजिक और धार्मिक कार्यों में लगभग 62 प्रतिशत वित्तीय सहायता प्रदान करता है। साथ ही, केंद्र और प्रदेश सरकारों को सबसे अधिक टैक्स भी वैश्य समाज ही देता है। उन्होंने कहा कि देश-विदेश में वैश्य समाज ने व्यापार एवं उद्योग जगत में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है।
गर्ग ने अग्रोहा को महाराजा अग्रसेन की धर्म नगरी बताते हुए कहा कि यह स्थान देशवासियों की गहरी आस्था का केंद्र है। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार से आग्रह किया कि अग्रोहा-फतेहाबाद-सिरसा को रेलवे लाइन से जोड़ने का कार्य जल्द से जल्द प्रारंभ किया जाए। उल्लेखनीय है कि केंद्रीय वार्षिक रेलवे बजट में हिसार-अग्रोहा-सिरसा के लिए 93 किलोमीटर रेलवे लाइन जोड़ने की योजना स्वीकृत हो चुकी है, लेकिन अब तक इसका कार्य शुरू नहीं हुआ है। बैठक में समाजसेवी राजेश केडिया, नरेश केडिया, बाबूराम जिंदल, कृष्ण फोगला, मुकेश डालमिया, सुशील सिंगला, प्रमोद गर्ग, नरेश बंसल, रवि केडिया मौजूद रहे।