संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। अग्रवाल मंडी टटीरी में इकोनॉमिक कॉरिडोर के पास आवासीय कॉलोनी विकसित करने के लिए शुक्रवार से जमीनों के बैनामे शुरू हो गए। पहले दिन पांच किसानों की जमीन के बैनामे कराए गए और 7.68 करोड़ रुपये के चेक दिए गए। एक महीने में सभी किसानों से बैनामे कराकर आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
बागपत-बड़ौत-खेकड़ा विकास प्राधिकरण ने आवासीय कॉलोनी विकसित करने के लिए योजना तैयार करके मेरठ में कमिश्नर की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रस्ताव रखा। इसपर पिछले साल वहां से मंजूरी मिल गई। प्राधिकरण ने कॉलोनी विकसित करने के लिए इकोनॉमिक कॉरिडोर के पास साढ़े आठ हेक्टेयर जमीन चिह्नित की। इस जमीन को खरीदने के लिए शासन से 41 करोड़ रुपये मिलेंगे मगर उससे पहले ही विकास प्राधिकरण अपने हिस्से के 41 करोड़ रुपये से जमीन खरीदनी शुरू कर दी।
जिससे कॉलोनी के लिए जल्द जमीन लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की जा सके। जिस जमीन को कॉलोनी के लिए चिह्नित किया गया है उसके नौ खसरा नंबर में 53 किसानों के नाम हैं। इनमें अधिकतर से सहमति पत्र लेकर शुक्रवार से जमीनों के बैनामे शुरू कराए गए।
सब रजिस्ट्रार कार्यालय में पहले दिन पांच किसानों की जमीनों के बैनामे कराकर 7,68,34,800 रुपये के चेक दिए गए। इस तरह आवासीय कॉलोनी विकसित करने के लिए कार्य तेजी से होता दिख रहा है।