पुलिस की पैनी नजर में पूरा आगरा
आईसीसीसी से किस तरह पूरे आगरा शहर की निगरानी की जाती है, इसे लेकर आगरा डीसीपी ट्रैफिक पुलिस सोनम कुमार ने बताया कि यहां विशेष तकनीक का इस्तेमाल कर शहर की मॉनिटरिंग की जाती है। शहर में 1500 से ज्यादा कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों की मदद से ओवरस्पीडिंग करने वाले वाहनों के चालान किए जाते हैं और ट्रैफिक व्यवस्था पर भी नजर रखी जाती है। गूगल के साथ मिलकर एक्सीडेंटल एरिया को चिह्नित किया गया है, ताकि लोगों को पहले से अलर्ट किया जा सके। अलग-अलग क्षेत्रों की स्पीड लिमिट भी गूगल के साथ साझा की गई है।
उन्होंने बताया कि आईसीसीसी के शुरू होने के बाद ट्रैफिक व्यवस्था में काफी बदलाव आया है। चालानों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है। मुख्य डेटा अधिकारी सौरभ अग्रवाल ने बताया कि अब तक इस सिस्टम के जरिए 200 करोड़ रुपये से ज्यादा के चालान किए जा चुके हैं।
सुपर स्पेशलिटी सुविधाओं से बदली एसएन मेडिकल कॉलेज की तस्वीर
एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि इस मेडिकल कॉलेज का गौरवशाली इतिहास रहा है। कॉलेज में सुविधाओं में लगातार सुधार किया जा रहा है और इसे और बेहतर बनाने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने बताया कि जल्द ही 900 और बेड बढ़ाए जाने हैं। सरकार की विभिन्न योजनाओं के जरिए आम जनता को बेहतर इलाज की सुविधा मिल रही है। उनके मुताबिक, पहले इस तरह के बदलाव देखने को नहीं मिलते थे, लेकिन अब मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं में काफी सुधार हुआ है।
असिस्टेंट प्रोफेसर और सर्जन सुशील कुमार सिंघल ने बताया कि अस्पताल में इलाज के लिए जरूरी अधिकांश आधुनिक मशीनें उपलब्ध हैं। यहां आने वाले मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल रही हैं। एक तीमारदार ने भी बताया कि यहां इलाज की व्यवस्था काफी बेहतर है। डॉक्टर नियमित रूप से उपलब्ध रहते हैं और मरीजों को बेहतर उपचार मिल रहा है।
आगरा मेट्रो से शहर की कनेक्टिविटी को मिली रफ्तार
आगरा में मेट्रो सेवा शुरू होने के बाद शहर की कनेक्टिविटी में कितना बदलाव आया और लोगों को इससे कितनी सहूलियत मिली, इसे लेकर अमर उजाला की टीम ने यात्रियों और अधिकारियों से बातचीत की। आगरा मेट्रो की प्रबंधक पीआर गौरी शुक्ला ने बताया कि फिलहाल मेट्रो का करीब छह किलोमीटर के हिस्से में संचालन हो रहा है। जल्द ही इसका विस्तार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मेट्रो के विस्तार से शहर के अलग-अलग हिस्सों के बीच आवागमन और आसान होगा।
यात्रियों ने बताया कि मेट्रो सेवा शुरू होने से सफर काफी सुविधाजनक हो गया है। अब कम समय में आसानी से यात्रा की जा सकती है और सड़क पर लगने वाले जाम से भी राहत मिलती है। यात्रियों के मुताबिक, मेट्रो का किराया भी काफी किफायती है, जिससे रोजाना सफर करने वाले लोगों को सुविधा मिल रही है। आगरा घूमने आए दूसरे प्रदेशों के पर्यटकों ने भी मेट्रो सेवा की सराहना की। उनका कहना था कि शहर के प्रमुख इलाकों तक पहुंचना पहले की तुलना में आसान हुआ है। मेट्रो से पर्यटन स्थलों तक पहुंचने में भी सुविधा मिल रही है और ट्रैफिक की परेशानी से बचते हुए कम समय में सफर पूरा किया जा सकता है। स्थानीय यात्रियों के साथ-साथ पर्यटकों के लिए भी यह सेवा शहर में आवागमन का एक सुविधाजनक विकल्प बनकर सामने आई है।