ग्रेटर नोएडा में कैश कलेक्शन एजेंट संतोष कुमार ने उधारी का पैसा चुकाने के लिए अपने साथ लूट का फर्जी नाटक किया। अपने भतीजे और दोस्तों के साथ मिलकर 15 दिन पहले योजना बनाई थी।
थाना बीटा-2 क्षेत्र में प्लाईवुड कंपनी के शोरूम से नौ लाख रुपये लेकर दिल्ली जा रहे कैश कलेक्शन एजेंट संतोष कुमार ने अपनी कार व बाइक के लोन चुकाने और लिए गए उधर को चुकता करने के लिए फर्जी लूट का नाटक रचा था।
विज्ञापन
15 दिन पहले उसने अपने भतीजे चंदन और दोस्त नितेश शर्मा व आकाश के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी। शुक्रवार को संतोष जब ग्रेटर नोएडा के प्लाईवुड कंपनी शोरूम से कैश लेकर दिल्ली जा रहा था तो उसने साइट-4 के पास 9 लाख कैश लूट लिए जाने की सूचना दी। उसने पुलिस को गुमराह करते हुए कहा कि बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचे के बल पर फायरिंग करते हुए उसे पैसा लूट लिया है।
पुलिस ने सोमवार को 9 लाख रुपये की लूटी हुई रकम के साथ संतोष सहित उसके भतीजे चंदन और दोस्त नितेश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। यह सभी लोग दिल्ली के कीर्ति नगर के निवासी हैं। जबकि कीर्ति नगर दिल्ली का रहने वाला आकाश फरार है। संतोष कुमार दिल्ली के मंगोलपुरी स्थित टेकचंद एंड सन के यहां कैश कलेक्शन करने का काम करता था। वह यहां पर 10 साल से नौकरी कर रहा था।