- महागुन मायवुड्स सोसाइटी में 23वीं मंजिल की बालकनी से गिरकर हुई थी दोनों की मौत
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट की महागुन मायवुड्स सोसाइटी में 23वीं मंजिल से गिरकर जान गंवाने वाले पिता-पुत्र के शव पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए गए। परिजन मेडिकल एंबुलेंस से दोनों के शव लेकर कोलकाता रवाना हो गए। वहीं उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। मामले में परिजनों ने पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी है। उधर, बिसरख कोतवाली पुलिस ने प्रारंभिक जांच में घटना को हादसा माना है।
सोसाइटी के टावर-23 में शुक्रवार सुबह 23वीं मंजिल से गिरकर रणदीप पात्रा और उनके बेटे आरव (11) की मौत हो गई थी। रणदीप दिल्ली स्थित केंद्रीय सचिवालय में सेक्शन ऑफिसर थे। उनकी पत्नी अमृता श्रीमणि भी इसी पद पर तैनात हैं। आरव दंपती का इकलौता बेटा था और गौड़ इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा छह में पढ़ता था।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब चार बजे परिवार को राजस्थान स्थित खाटू श्याम मंदिर के लिए रवाना होना था। इससे पहले आरव पूजा के लिए बालकनी में लगे पौधों की बेल से फूल तोड़ने पहुंचा था। बेल की ऊंचाई अधिक होने के कारण वहां सीढ़ी लगाई गई थी। बारिश के चलते बालकनी और रेलिंग पर पानी जमा था। इसी दौरान सीढ़ी पर संतुलन बिगड़ने से आरव का पैर फिसल गया। बेटे को बचाने की कोशिश में रणदीप भी असंतुलित होकर नीचे गिर गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में पति और इकलौते बेटे को खोने के बाद अमृता का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।