जंगल ट्रेल के बाद मिल सकती है डियर पार्क की सौगात
- जल्द जारी किया जाएगा टेंडर, लगभग 36 करोड़ होगी प्रोजेक्ट की लागत
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। शहरवासियों को जल्द असल वन्यजीवों से रूबरू हो सकते हैं। बायोडायवर्सिटी पार्क में डियर पार्क बनने की प्रक्रिया में तेजी आ आई है। दो सप्ताह के भीतर इसके लिए टेंडर जारी किया जाएगा। पार्क के डिजाइन को लेकर भी टेक्निकल टीम ने सर्वे कर लिया है। अब नोएडा प्राधिकरण के सीईओ की ओर से अनुमति मिलने के संग प्रोजेक्ट में और तेजी आएगी।
हाल ही में नोएडा को जंगल ट्रेल की सौगात मिली है। जिसमें कचरे से दुर्लभ पशुओं की आकृतियां बनाई गई हैं। महामाया फ्लाईओवर के पास स्थित सेक्टर 94 में बने इस पार्क में अलग-अलग महाद्वीपों में पाए जाने वाले पशुओं की हूबहू आकृतियां लगाई हैं। अब इसके साथ ही जल्द डियर पार्क का काम भी शुरू हो सकता है। जहां शहरवासी असली पशुओं का दीदार कर सकेंगे। नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी ने बताया कि दो सप्ताह के अंदर टेंडर जारी किए जाएगा।
आईआईटी ने भी मांगी थी जानकारी
सेक्टर-91 बायोडायवर्सिटी पार्क में प्रस्तावित डियर पार्क सनसेट सफारी के लिए डीपीआर आईआईटी जम्मू ने भी मांगी थी। हिरन को जिन बाड़ों में रखा जाना था उसके डिजाइन को संशय को लेकर नोएडा प्राधिकरण के उद्यान विभाग ने रिपोर्ट भेजी थी। हालांकि इसपर मंजूरी भी मिल गई थी। बता दें कि पार्क लगभग 32 एकड़ में तैयार होना है। सनसेट सफारी में स्पेक्ट्रम लाइट भी लगाई जाएंगी। जिससे शाम के बाद लाइटों की रोशनी में भी शहरवासी सफारी का लुत्फ उठा सकेंगे।