- फोनरवा ने बिजली विभाग को पत्र लिखकर समस्याओं के समाधान की मांग की
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। फोनरवा ने मुख्य अभियंता यूपीपीसीएल, नोएडा संजय जैन को पत्र लिखा। पत्र के माध्यम से बताया कि सेक्टर 34 व अन्य सेक्टरों में नए स्मार्ट बिजली मीटर लगने के बाद निवासियों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। प्रीपेड सुविधा को निवासियों के लिए वैकल्पिक रखा जाए।
फोनरवा महासचिव केके जैन ने बताया कि बिजली विभाग के अनुरोध पर सेक्टर-34 में नए स्मार्ट मीटर लगाने की अनुमति दी थी। निवासियों को यह आशंका थी कि ये मीटर तेज चलेंगे और बिल अधिक आएंगे, लेकिन दुर्भाग्यवश मीटर लगने के बाद कई निवासियों को वास्तव में बढ़े हुए बिल प्राप्त हो रहे हैं। इसके अतिरिक्त, मीटर लगाने के समय एजेंसी द्वारा बताया गया था कि प्रीपेड सुविधा केवल एक विकल्प होगी, लेकिन अब निवासियों को एसएमएस द्वारा प्रीपेड कनेक्शन के अलर्ट प्राप्त हो रहे हैं और न करने पर कनेक्शन काटने का एसएमएस भेजा जा रहा है। इससे प्रतीत होता है कि प्रीपेड भुगतान अनिवार्य कर दिया गया है।
-
इन मांगों को प्रमुख रूप से रखा
केके जैन ने कहा कि प्रीपेड सुविधा को निवासियों के लिए वैकल्पिक रखा जाए। असामान्य रूप से अधिक बिल प्राप्त करने वाले उपभोक्ताओं के लिए चेक मीटर लगवाए जाएं। स्पष्ट किया जाए कि नए स्मार्ट मीटर लगाने के लिए कोई अतिरिक्त शुल्क उपभोक्ताओं से वसूल किया जा रहा है या नहीं। संबंधित एसडीओ, कार्यकारी अभियंता निवासियों की आरडब्ल्यूए के माध्यम से एक बैठक आयोजित करें, जिससे शंकाओं का समाधान हो सके।