-बदमाशों ने फोन कर घर बुलाया, स्कॉर्पियो में डालकर ले गए
-डायल-112 पर सूचना के बाद घायल हालत में स्कूल के पास मिला युवक
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कोतवाल क्षेत्र में बदमाशों ने एक युवक का अपहरण कर पिटाई के बाद मरणासन्न हालत में सड़क किनारे फेंक दिया। पीड़ित युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है। सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
खेड़ी गांव निवासी मोहित कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 12 दिसंबर की रात भाई मनीष कुमार के मोबाइल पर गांव भनौता निवासी निक्की और देव तवर का फोन आया। फोन पर घर पर मिलने की बात कही गई। कुछ ही देर में निक्की, देव तवर और उनके साथ आए अन्य लोग बाइक और दो स्कॉर्पियो गाड़ियों में सवार होकर पीड़ित के घर पहुंच गए। आरोप है कि सभी आरोपी हथियार और रॉड लेकर जबरन घर में घुस आए। आरोपियों ने मनीष कुमार को हथियारों के बल पर घर के अंदर से खींचकर बाहर निकाला और स्कॉर्पियो में डालकर फरार हो गए। परिजनों ने तुरंत 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।
कुछ ही देर बाद पुलिस की मौजूदगी में पीड़ित के फोन पर एक अज्ञात व्यक्ति का कॉल आया। जिसमें बताया गया कि मनीष कुमार गंभीर रूप से घायल अवस्था में इंस्पायर स्कूल वैदपुरा के सामने पड़ा है। परिजन घायल को तुरंत तिलपता चौकी इंचार्ज की मौजूदगी में न्यूमेड अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई है। वहीं सूरजपुर कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच में पता चला है कि जिन आरोपियों पर पिटाई के आरोप लगे हैं। उनके साथ भी शिकायतकर्ता व उसके घायल भाई पर मारपीट का आरोप हैं। इसी का बदला लेने के आरोपियों ने पिटाई की है। कोतवाली प्रभारी मनोज सिंह का कहना है कि पिटाई की घटना संज्ञान में नहीं है।