पत्रकारपुरम इलाके में छापे के दौरान जांच करती एफएसडीए की टीम।
लखनऊ। दीपावली नजदीक आने के साथ ही खाद्य पदार्थों में मिलावट का कारोबार पैर पसारने लगा है। इसे रोकने के लिए डीएम के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम ने रविवार अवकाश के बावजूद 14 प्रतिष्ठानों पर छापा मारकर खाद्य पदार्थों की जांच की। टीम ने 14 खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। मिलावट घी, तेल समेत करीब 321 किलो खाद्य सामग्री सीज की गई है। सहायक आयुक्त खाद्य (द्वितीय) विजय प्रताप सिंह ने बताया कि पत्रकारपुरम में एक मिठाई की दुकान पर करीब 7800 रुपये कीमत का 13 किलो घी अधोमानक प्रतीत होने पर सीज किया गया। अन्य कमियों के लिए दुकान मालिक को नोटिस दिया गया है। जानकीपुरम विस्तार की एक दुकान में 88 किलो, चिनहट रोड स्थित सतरिख की एक दुकान में 89 किलो, जगतनारायण रोड के एक प्रतिष्ठान पर में 43 किलो सरसों का तेल और एक अन्य दुकानों पर मिले 88 किलो रिफाइंड सोयाबीन तेल समेत कुल 321 किलो खाद्य पदार्थों को सीज किया गया। नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।