- पांच कॉलेजों में 300 से अधिक सीटों पर मिलेगा दाखिला
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश सरकार ने पांच प्रमुख स्पोर्ट्स कॉलेजों में नए शैक्षणिक सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। इनमें 300 से अधिक सीटों पर ट्रायल के आधार पर चयन होगा। मंडल स्तरीय ट्रायल 15 से 25 मई के बीच होंगे। वहीं, राज्य स्तरीय ट्रायल 3 से 6 जून के बीच लखनऊ, गोरखपुर, सैफई में होंगे। उसके बाद सफल आवेदनकर्ताओं का मेडिकल कराने के बाद प्रवेश दिया जाएगा।
प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. परवेज अली ने कहा कि प्रदेश के अयोध्या, सहारनपुर, गोरखपुर, मुरादाबाद, वाराणसी, आगरा, प्रयागराज और लखनऊ समेत आठ शहरों में ट्रायल होंगे। इनमें गौतमबुद्ध नगर समेत प्रदेश के अन्य जिलों के खिलाड़ी भाग ले सकेंगे।
स्पोर्टस कॉलेजों में इस बार अलग-अलग आयु वर्ग और खेल श्रेणियों में कुल 84, 115 और 159 सीटों पर प्रवेश होगा। चयन खिलाड़ियों के प्रदर्शन, फिटनेस और खेल कौशल के आधार पर होगा। ट्रायल के दौरान विशेषज्ञ कोच और चयन समिति खिलाड़ियों का मूल्यांकन करेंगे। डॉ. परवेज अली ने बताया कि राज्य के स्पोर्ट्स कॉलेज केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि खेल प्रशिक्षण के लिए भी जाने जाते हैं। यहां खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं, अनुभवी कोचिंग स्टाफ और बेहतर प्रशिक्षण वातावरण मिलता है। यही कारण है कि इन कॉलेजों से निकलकर कई खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने में मदद मिलेगी।