रेवाड़ी में नगर योजनाकार विभाग ने अवैध कॉलोनी पर चल रहे निर्माण को ध्वस्त किया। विभाग ने नागरिकों को बिना अनुमति वाली कॉलोनी में प्लॉट न खरीदने की चेतावनी दी है। इससे लोगों की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
रेवाड़ी। जिला नगर योजनाकार विभाग की टीम ने वीरवार को कढू से मामडिया रोड पर करीब 4 एकड़ भूमि पर विकसित हो रही अवैध कॉलोनी में निर्माण को ध्वस्त कराया। इस दौरान 10 डीपीसी, 5 चहारदीवारी और कच्ची सड़क के नेटवर्क को तोड़ दिया गया। इस दौरान पुलिस बल भी तैनात था।
विज्ञापन
डीटीपी मनदीप सिंह सिहाग ने बताया कि बिना अनुमति के यह कॉलोनी विकसित की जा रही थी। विभाग की ओर से पहले ही साफ कर दिया गया है कि नियंत्रित क्षेत्र अथवा शहरी क्षेत्र में बिना अनुमति कोई भी निर्माण वैध नहीं माना जाएगा।
डीटीपी ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी अवैध कॉलोनी में प्लॉट न खरीदें। प्लॉट खरीदने से पहले संबंधित कार्यालय से उस कॉलोनी की वैधता अवश्य जांचें। उन्होंने कहा कि प्रॉपर्टी डीलर लोगों को झूठे सपने दिखाकर खाली जमीन पर प्लॉट काट देते हैं। जब विभागीय कार्रवाई होती है, तब खरीदार खुद को ठगा महसूस करता है। ऐसे में आमजन को अपने मेहनत की कमाई गंवाने से बचने के लिए पूरी जांच-पड़ताल करनी चाहिए।