- निजी स्कूलों की 25 फीसदी सीटों पर होंगे दाखिले
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। शिक्षा के अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत दाखिला नहीं लेने वाले स्कूलों पर पहले दिन से कार्रवाई की जाएगी। शुक्रवार को डीएम मेधा रूपम ने निजी स्कूलों की 25 प्रतिशत सीटों पर आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के दाखिले के लिए बैठक की। बैठक में बेसिक व माध्यमिक के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र छात्र दाखिले से छूटना नहीं चाहिए।
उन्होंने आरटीई के तहत प्रवेश प्रक्रिया को पारदर्शी, समयबद्ध एवं जवाबदेही के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए साथ ही प्रत्येक स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा। इस मौके पर उन्होंने लेखपाल, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, एनआरएलएम स्वयंसेवी संस्थाएं, ग्राम प्रधान, आरडब्ल्यूए, जिला पंचायत राज अधिकारी, विकास प्राधिकरण तथा नगर पालिका की कूड़ा संग्रहण गाड़ियों में लगे पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से डोर-टू-डोर एवं जनसंपर्क अभियान चलाने को कहा जिससे योजना की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर पर किसी भी प्रकार की अनियमितता, भेदभाव या अतिरिक्त शुल्क की मांग को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कोई विद्यालय शासन के निर्देशों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने शिक्षा विभाग का अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी उप जिलाधिकारियों के साथ बैठक कराते हुए यह सुनिश्चित कराएं कि लेखपालों द्वारा स्थलीय जांच कर ही आय प्रमाण पत्र जारी किए जाएं। गलत या फर्जी आय प्रमाण पत्र जारी करने वाले लेखपालों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक आवेदन का रैंडम सैंपल सत्यापन कराया जाए और संदेहास्पद मामलों में पुनः जांच अनिवार्य रूप से कराई जाए।