उत्तर प्रदेश सरकार ने दिया आदेश, एबीवीपी ने कहा- छात्रों की हुई जीत
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। बाराबंकी के श्री रामस्वरूप मेमोरियल विश्वविद्यालय में विधि विद्यार्थियों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में चला आंदोलन अब रंग लाया है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के नेतृत्व में हुए इस संघर्ष का परिणाम सामने आया है। उत्तर प्रदेश सरकार ने बिना मान्यता वाले कोर्स और कॉलेजों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आदेश दिया है।
इस फैसले को एबीवीपी के पदाधिकारियों ने छात्रों की जीत और संघर्ष की सफलता बताया है। एक प्रेसवार्ता में एबीवीपी के प्रांत मंत्री गौरव गौड़ ने कहा कि यह निर्णय शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही लाने वाला कदम है। यह केवल एक प्रशासनिक निर्णय नहीं, बल्कि छात्रों के सपनों और भविष्य की सुरक्षा का वादा है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार का यह कदम शिक्षा क्षेत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही लाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। एबीवीपी का यह संघर्ष और सरकार का निर्णय आने वाले समय में शिक्षा जगत की तस्वीर बदल सकता है। उन्होंने बताया कि कॉलेजों की ओर से छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ हो रहा था। जिस पर लगाम कसना जरूरी है। प्रदेश के शिक्षा माफियाओं ने ऐसे कॉलेज और संस्थान खोल रखे थे, जो बिना मान्यता के छात्रों का दाखिला ले रहे हैं। ऐसे में इन कॉलेजों में प्रवेश लेने वाले छात्रों और उनके अभिभावकों का लाखों रुपये बर्बाद हो रहा है। वहीं, उनका पूरा साल भी खराब होता है।