गोंडा। एक मतदाता को एक ही जगह से एसआईआर फॉर्म भरना होगा। अगर कोई मतदाता दो जगह से फाॅर्म भरता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है। साथ ही फॉर्म में मांगी गई जानकारी भी तथ्यात्मक देनी होगी। इसमें गलत तथ्य नहीं होने चाहिए अन्यथा भविष्य में दिक्कत हो सकती है। एडीएम आलोक कुमार ने बताया कि दो जगह से फॉर्म भरने पर दंड का भी प्रावधान है। ऐसे करने से मतदाताओं को बचना चाहिए।
जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने शनिवार को कंपोजिट विद्यालय पूरे उदई, प्राथमिक विद्यालय फिरोजपुर तरहर, प्राथमिक विद्यालय चंदवतपुर, कंपोजिट विद्यालय पिपरा पदुम, कंपोजिट विद्यालय मझौवा और प्राथमिक विद्यालय दुल्लापुर खालसा आदि बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान बीएलओ से जानकारी ली। एसआईआर के कार्य में तेजी लाने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए।
जिला पंचायत सभागार में एडीएम आलोक कुमार ने डिग्री कॉलेजों के प्राचार्य, व्यापार मंडल, उद्योग मंडल, स्वयंसेवक और जनसेवा केंद्रों के संचालकों आदि के साथ बैठक की। उन्हें एसआईआर के प्रति जागरूक किया। एसआईआर फॉर्म को भरवाने में सहयोग की अपील भी की।
डीपीआरओ लालजी दूबे ने बताया कि गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन का काम चल रहा है। ऐसे में सभी बीडीओ को पत्र लिखा गया है। इसमें संबंधित पंचायत के ग्राम प्रधान, पूर्व में काम कर चुके बीएलओ व रोजगार सेवकों को बीएलओ के सहयोग में लगाने की अपील की है। उनका कहना है कि पंचायत विभाग के कर्मचारियों को लगा दिया गया है। साथ ही एसआईआर को लेकर प्रयास किए जा रहे हैं।
दो दिसंबर को होगा मतदाता सूची का प्रकाशन
चुनाव कार्यालय के कर्मचारियों ने बताया कि गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक की अनंतिम मतदाता सूची अब दो दिसंबर को प्रकाशित की जाएगी। मतदाता सूची नए सिरे से तैयार करने के लिए कार्यक्रम में संशोधन किया गया है। वहीं, छह जनवरी को मतदाता सूची अंतिम रूप से प्रकाशित की जाएगी। जहां वर्ष 2020 में 1,542 मतदाता थे। वहीं, वर्तमान में 1,759 मतदाता पंजीकृत किए गए हैं।