नई दिल्ली। करोल बाग इलाके में विदेशी महिला से दुष्कर्म के आरोपी को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इससे पहले जयपुर पुलिस ने इसे पिछले माह गिरफ्तार किया था। दो विदेशी महिलाओं ने इस शख्स पर उनसे जयपुर में दुष्कर्म का आरोप लगाया था। अब इसे दिल्ली पुलिस गिरफ्तार कर राजस्थान से दिल्ली लाई है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार गिरफ्तार शख्स मूल रूप से कोलकाता का रहने वाला है और 12 भाषाओं में कुशल है। वह महिलाओं को ई कॉमर्स कारोबारी या एनजीओ संचालक बताकर झांसे में लेता था। यूके निवासी जिस महिला से उसने दिल्ली में दुष्कर्म किया था। उससे यह शख्स फेसबुक के जरिये मिला था। वह कुछ समय पहले ही भारत आई थी।
इस महिला ने 28 सितंबर को करोल बाग थाने में शिकायत देकर इस शख्स पर करोल बाग के एक होटल में दुष्कर्म का आरोप लगाया था। इसके बाद आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
वहीं जयपुर पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ यूके तथा पुर्तगाल की महिलाओं ने निजामुद्दीन थाने में जीरो एफआईआर दर्ज करवाकर जयपुर में दुष्कर्म का आरोप लगाया था। इनमें एक एफआईआर को जयपुर के विधायकपुरी तथा दूसरी को सदर पुलिस थाने को भेज दिया गया था। इसके बाद आरोपी को 30 सितंबर को मुंबई से गिरफ्तार किया गया था।- एजेंसी