पिनगवां। दहेज में ब्रेजा कार और नकदी की मांग पूरी न करने पर ससुराल पक्ष पर विवाहिता को जहर देकर मारने का आरोप है। महिला के पिता की शिकायत पर पति सहित पांच लोगों के खिलाफ पुलिस में दहेज हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। हालांकि अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
विवाहिता के पिता लियाकत निवासी पुन्हाना ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि उसने अपनी बेटी सुबीना की शादी करीब छह माह पहले पिनगवां के गांव झिमरावट निवासी साजिद के साथ की थी। शादी के वक्त दहेज में आल्टो कार, नगदी व लाखों रुपये के जेवर भी दिए थे, लेकिन ससुराल पक्ष के लोग इससे खुश नहीं थे। वे ब्रेजा कार व नगदी की मांग करने लगे। कई बार उनकी बेटी को मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित भी किया जाने लगा। 29 दिसंबर को उनकी बेटी अपने मायके आई हुई थी। जहां दामाद साजिद भी आया और उनकी बेटी को कोई जहरीला पदार्थ खिला दिया। जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ी और मौत हो गई। जांच अधिकारी तेज सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर पति साजिद, इरशाद, असगर, साबिया व खुर्शीद निवासी झिमरावट के खिलाफ साजिश रचने व दहेज हत्या के आरोप में मामला दर्ज कर लिया गया है।