-पति समेत 11 ससुरालीजनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। मुंडकटी थाना क्षेत्र के एक गांव में विवाहिता को जहरीला पदार्थ खिलाकर जान से मारने के प्रयास का मामला सामने आया है। मृतका के पिता की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति सहित 11 लोगों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुंडकटी थाना प्रभारी तेजपाल के अनुसार, बुराका (हथीन) निवासी शमशेर ने शिकायत में बताया कि उसने अपनी बेटी दिलशाना की शादी दो वर्ष पहले अहसनापुर नंगला गांव निवासी निसार के साथ की थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष उसकी बेटी के साथ मारपीट कर उसे प्रताड़ित करता था, लेकिन बेटी का घर बचाने के लिए उन्होंने अब तक शिकायत नहीं की। शमशेर ने बताया कि 9 दिसंबर को बामनीखेड़ा गांव स्थित एक निजी अस्पताल से फोन आया कि आरोपियों ने उसकी बेटी को कोई जहरीला पदार्थ खिला दिया है और उसकी जान को खतरा है। अस्पताल पहुंचने पर आरोपी दिलशाना को वहां से ले गए और बाद में ससुराल पहुंचने पर परिजनों को उससे मिलने नहीं दिया गया।
विरोध करने पर आरोपियों ने धक्का-मुक्की और गाली-गलौज की। इसके बाद डायल 112 पर पुलिस को बुलाया गया। पुलिस की मदद से दिलशाना को जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे नल्हड़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। 16 दिसंबर को होश में आने पर दिलशाना ने बयान दिया कि ससुराल पक्ष के लोगों ने हत्या की नीयत से सब्जी में जहर मिलाकर उसे खिलाया। पुलिस ने सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।